महिला सशक्तिकरण और समाज सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी, माता बहादुर कलारिन एवं मिनी माता सम्मान के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 6 सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के साहस, संघर्ष, सामाजिक उत्थान एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से विभिन्न राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी सम्मान, माता बहादुर कलारिन सम्मान एवं मिनी माता सम्मान के लिए जिले की पात्र एवं इच्छुक महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी सम्मान विशेष रूप से महिलाओं में वीरता, शौर्य एवं साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रदान किया जाता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित महिला को 2 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसी तरह माता बहादुर कलारिन सम्मान महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष तथा नारी उत्थान के लिए अनुकरणीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। इस सम्मान के अंतर्गत भी चयनित महिला को 2 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
वहीं मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रदान किया जाता है। इसके तहत चयनित महिला को 2 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
25 सितंबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे आवेदन
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रपत्र में समस्त आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 25 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी,ल महिला एवं बाल विकास, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़), मल्टीपरपज हायर सेकेंडरी स्कूल पेण्ड्रा के पास कार्यालयीन समय में जमा किए जा सकेंगे। सम्मान से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं निर्धारित आवेदन प्रपत्र जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिले की पात्र एवं इच्छुक महिलाएं निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर इन प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मानों के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकती हैं।
