कलेक्टर कुंदन कुमार ने कांकेर शहर का किया पैदल निरीक्षण

स्वच्छता एवं विकास कार्यों का लिया जायजा, अनुपस्थित सब इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 05 सितम्बर 2026/कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज कांकेर शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र एवं मेला भाटा का पैदल निरीक्षण कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़कों की नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के बीच बने डिवाइडरों में लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई करने तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण करने हेतु एसडीएम, तहसीलदार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने मेला भाटा के समीप नवनिर्मित 5 हजार लीटर क्षमता की पेयजल टंकी का निरीक्षण किया और शहर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। टंकी का निर्माण पूर्ण होने के बावजूद इससे पेयजल आपूर्ति प्रारंभ नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने एक सप्ताह के भीतर टंकी से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित सब इंजीनियर के मौके पर अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को संबंधित सब इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नए बस स्टैंड के समीप स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते समय कलेक्टर की मुलाकात शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं से हुई। छात्राएं शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थीं। कलेक्टर ने छात्राओं से कविता, पहाड़ा एवं गीत आदि सुनाने को कहा। छात्राओं द्वारा ‘रेला’ पाठ सुनाए जाने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने मेला भाटा स्थित दूधावा तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा तालाब विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्यों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद कांकेर एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे को कलेक्टर ने शहर में संचालित अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।