सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी, नकदी-जेवर और मोबाइल पार

खेत पर गया था किसान परिवार, पीछे से चोर ने खंगाल दिया घर
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम तेन्दूवाही में किसान परिवार के सूने मकान को अज्ञात चोर ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। परिवार के खेत जाने के बाद घर में घुसे चोर ने आलमारी से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत मोबाइल पार कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 47,650 रुपए बताई गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम तेन्दूवाही निवासी किसान 2 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी नीरा बाई भारती और बेटी मधु भारती के साथ खेत में काम करने गया था। घर के दो मुख्य दरवाजों में से एक में अंदर से सिटकनी लगी थी, जबकि दूसरे दरवाजे पर ताला लगाया गया था। परिवार के घर से निकलने के कुछ घंटे बाद ही अज्ञात चोर ने वारदात को अंजाम दिया।
दरवाजा खुला मिला, घर का सामान बिखरा था
दोपहर करीब 1 बजे मधु भारती खेत से घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था, जबकि दूसरा दरवाजा खुला था और उसकी सिटकनी निकली हुई थी। घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उसे चोरी का संदेह हुआ। कमरे में रखी आलमारी बंद थी। आलमारी की चाबी बैग में नहीं मिली, लेकिन तलाश करने पर कमरे में ही चाबी मिल गई।आलमारी खोलकर देखा गया तो उसमें रखे 7 हजार रुपए नकद, करीब 15 तोला चांदी की पायल और तीन सोने के लॉकेट गायब थे। इसके अलावा हॉल में खाट पर रखा वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान में करीब 6,350 रुपए कीमत की चांदी की पायल, 9,300 रुपए के तीन सोने के लॉकेट और करीब 25 हजार रुपए कीमत का मोबाइल शामिल है। नकदी समेत कुल चोरी की रकम 47,650 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर घर में प्रवेश करने के तरीके और चोरी की वारदात से जुड़े सुरागों की जांच शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े