प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9 वीं प्रवेश की तृतीय काउंसलिंग 9 सितंबर तक

बलौदाबाजार,3 सितम्बर 2026/मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 वीं में प्रवेश की तृतीय काउंसलिंग 3 से 9 सितंबर तक सुबह 11 से शाम 4 बजे तक संबंधित विद्यालयों में होगी। इसी तरह बीजापुर जिले के प्रयास बालक एवं बालिका आवासीय विद्यालयों के लिए काउंसलिंग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी, जनता कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास, रायपुर में होगी। सीटें रिक्त रहने पर प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों की काउंसलिंग 10 से 15 सितंबर तक की जाएगी। शासकीय अवकाश के कारण 4, 6 और 12 से 15 सितंबर तक काउंसलिंग नहीं होगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक़ विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं में 60 प्रतिशत अंकों की अंकसूची, जाति, निवास, विशेष पिछड़ी जनजाति, नक्सल पीड़ित प्रमाण-पत्र तथा लागू होने पर अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। चयनित विद्यार्थियों को दो दिन के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र और जिला चिकित्सा अधिकारी का स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जमा करना होगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इसके अंतर्गत नक्सल प्रभावित और अनुसूचित क्षेत्रों के बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा, भोजन और आवास की सुविधा दी जाती है। इस योजना के तहत प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जाते हैं, जिनमें कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए हर साल प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। चयनित विद्यार्थियों की सूची एवं विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट () का अवलोकन किया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़े