मेजर ध्यानचंद की जयंती पर जिले में खेल दिवस का हुआ आयोजन

वॉलीबाल, खो-खो, हॉकी, रस्साकशी एवं गोला फेंक के विजेता-उपविजेता हुए सम्मानित
गरियाबंद, 03 सितम्बर 2026/जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग गरियाबंद द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्व.मेजर ध्यानचंद जी की जन्म जयंती के अवसर पर 03 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन गरियाबंद के गांधी मैदान में उत्साहपूर्वक किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान मैदान में खिलाड़ियों का जोश देखते ही बना। वॉलीबाल, खो-खो, हॉकी, रस्साकशी एवं गोला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रिखी राम यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के सभापति सुरेंद्र सोनटेके ने की, विशेष अतिथि के रूप में पार्षदगण एवं सभापति श्रीमती रेणुका साहू, श्रीमती मधु देवांगन एवं सूरज सिन्हा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि रिखी राम यादव ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सभापति सुरेंद्र सोनटेके ने कहा कि खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जिले का नाम राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया गया। जिसमें योगेश्वर, मनीषा धु्रव, राहुल, यशराज, रितेश, धारणा यादव, मनीष यादव, मोहित बेलगा एवं गौरव साहू शामिल है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों को मंच से रेखांकित करते हुए अतिथियों ने कहा कि स्थानीय स्तर से निकलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का विषय है। सम्मानित खिलाड़ियों ने भी उपस्थित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के समापन पर वॉलीबाल, खो-खो, हॉकी, रस्साकशी एवं गोला फेंक के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लॉक नोडल संजीव साहू, आनंद झा, सूरज महाड़ीक, गिरीश शर्मा, नितिन वखारिया, श्रुति गोदियाल, नंदकुमार रात्रे, नीलेश देवांगन, होरी लाल साहू, दानवीर साहू, महेंद्र यादव एवं जीतू सेन का विशेष सहयोग रहा।

इन्हें भी पढ़े