प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग 20 अगस्त तक
गरियाबंद, 17 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग की प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू हो गई है। काउंसलिंग के लिए पात्र छात्र-छात्राओं की सूची विभागीय वेबसाइट पर जारी की गई है। जारी सूचना के अनुसार द्वितीय काउंसलिंग 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित है। काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को सूची में दर्शाए गए संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित होना होगा।
काउंसलिंग के दौरान छात्र-छात्राओं को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक, प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र सहित निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है। काउंसलिंग के बाद प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता प्राप्त होने पर दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरी स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकिलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित तिथि में काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होकर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।
