जिला आबकारी अधिकारी पर हमला कर फरार पांच आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग पर भी कार्रवाई
महासमुंद। झलप शराब भट्टी के पास अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर जब्त शराब लेकर फरार होने वाले पांच आरोपियों को पटेवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
28 जून को आबकारी टीम ने की थी छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 28 जून को जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पांडे को झलप शराब भट्टी के पास अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर आबकारी विभाग ने दो टीमों का गठन कर मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चेतन रौतिया, मुकेश कोशले और सेवन जोशी को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उनके कब्जे से 336 नग देशी मदिरा प्लेन, कुल 60.48 लीटर शराब बरामद की गई।
साथियों को बुलाकर किया हंगामा, शराब लेकर हुए फरार
आबकारी टीम द्वारा जब्ती और वैधानिक कार्रवाई की जा रही थी, तभी आरोपियों ने अपने अन्य साथियों हेमंत मिर्धा, अवधेश मिर्धा तथा एक नाबालिग को मौके पर बुला लिया। आरोपियों ने आबकारी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी जब्त शराब को लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पटेवा थाने में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 221, 224, 238, 351(3), 121(1), 132 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने तलाश कर पांच आरोपियों को पकड़ा
पटेवा पुलिस ने आरोपियों की लगातार पता तलाश करते हुए 13 अगस्त को पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी (33) निवासी झलप, चेतन रौतिया (30) निवासी झलप, सेवन जोशी (22) निवासी पचरी और मुकेश कोशले (28) निवासी बबूरडीह शामिल हैं। वहीं अवधेश मिर्धा (52) निवासी झलप न्यायालय से अग्रिम जमानत पर है। एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
