हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयुष विभाग ने निकाली तिरंगा रैली
बिलासपुर, 13 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार ’’हर घर तिरंगा अभियान’’ के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा गौरव पथ रिंग नंबर-2 में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
रैली का नेतृत्व जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव ने किया। इस दौरान आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पूरे उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ हाथों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। रैली के मार्ग में उपस्थित नागरिकों को अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ’’हर घर तिरंगा अभियान’’ का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, गौरव और गरिमा के साथ मनाने के लिए प्रेरित करना है।
