मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सोलर विलेज ग्राम नारागांव का किया निरीक्षण

’सोलर विलेज’ निर्माण से लखपति दीदी पहल को मिलेगी नई रफ्तार
बालोद, 11 अगस्त 2026/जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी ने आज जिले के गुरूर विकासखंड अंतर्गत प्रस्तावित ’सोलर विलेज’ नारागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ श्री चंद्रवंशी ने गांव में क्रियान्वित की जा रही सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया एवं कार्यस्थल पर ’सोलर दीदियों’ से संवाद किया। जिला पंचायत के सीईओ श्री चंद्रवंशी ने दीदियों से चर्चा करते हुए उनके उत्साह और तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ’सोलर विलेज’ की यह पहल न केवल गांव को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि ’लखपति दीदी’ अभियान को भी जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियां अब सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा उत्पादन की मुख्य धुरी बन रही हैं। इस अवसर पर जनपद सीईओ गुरुर पीएल धु्रव, सहायक परियोजना अधिकारी नितेश साहू, सरपंच, उपसरपंच, जनप्रतिनिधि, सोलर दीदी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम नारागांव में सोलर दीदियों द्वारा सोलर स्ट्रक्चर हेतु फाउंडेशन निर्माण का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। जिसमें आंचल महिला क्लस्टर लेवल फेडरेशन जो सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की वेंडर है। जिनके द्वारा गांव मे ग्रामीणों को ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 120 परिवारों का सूर्य घर योजना पोर्टल मे पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। गांव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप 02 केवी मॉडल को अपनाया गया है, जिससे ग्रामीण परिवारों को निर्बाध व स्वच्छ बिजली प्राप्त होगी। योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रावधानीत सब्सिडी राशि पर ही सोलर सिस्टम का इंस्टॉलेसन कराया जाएगा। आवेदक को अपना न्यूनतम, जीरो अंश राशि की आवश्यकता होगी। जिससे गरीब व निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।