14 व 15 अगस्त को जिले भर में होंगे उल्लास महा-चौपाल के आयोजन

सूरजपुर/09 अगस्त 2026/ उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में उल्लास महा-चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील द्वारा समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत केन्द्र समन्वयक, विकासखंड परियोजना अधिकारी (साक्षरता) एवं संकुल प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। शासन द्वारा वर्ष 2026-27 में सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत इस वर्ष आजादी के जश्न को साक्षरता के उल्लास के रूप में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 01 से 14 अगस्त तक ग्राम पंचायतों में साक्षरता संबंधी नारा लेखन से होगी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को सायं 7ः00 बजे सरपंच एवं ग्राम प्रभारियों के नेतृत्व में मोबाइल टॉर्च रैली तथा मशाल रैली निकाली जाएगी, जिसमें ‘‘हर घर साक्षर, विकसित भारत‘‘ के नारे गूँजेंगे। मशाल गाँव के शिक्षित व्यक्ति से प्रारंभ होकर अंत में नवसाक्षरों के हाथों सौंपी जाएगी, जो ज्ञान का प्रकाश घर-घर पहुँचने का प्रतीक होगी।
15 अगस्त को प्रातः 7ः00 बजे से 8ः00 बजे तक विद्यार्थियों, नवसाक्षरों एवं स्वयंसेवकों द्वारा साक्षरता के नारों वाले प्ले कार्ड्स के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रातः 8ः00 बजे नवसाक्षर व्यक्ति अथवा जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक उल्लास शपथ दिलाई जाएगी। इसके उपरांत उल्लास महा-चौपाल में नवसाक्षर अपने अनुभव साझा करेंगे, वहीं दादी-नानी की कहानी एवं प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें बुजुर्ग महिलाएँ व पुरुष स्थानीय भाषा में लोकगीत, कहानी और कविताओं का वाचन करेंगे।
मातृत्व साक्षरता कार्यक्रम के तहत बच्चे अपनी माताओं को मंच पर लाकर पहली बार नाम लिखना सिखाएंगे। प्रातः 9ः00 बजे से ‘‘अंगूठे से कलम तक‘‘ सम्मान समारोह, अंगूठा मुक्त पंचायत प्रमाण पत्र वितरण एवं प्रशस्ति पत्र वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात डिजिटल तथा चुनावी साक्षरता पर नुक्कड़ नाटक, साक्षरता थीम पर रंगोली प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रातः 10ः30 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उल्लास घंटी, उल्लास दीवार एवं सुपर-30 का शुभारंभ करते हुए उल्लास ज्ञान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। योजन स्थलों पर उल्लास हेल्प डेस्क लगाकर असाक्षर व्यक्तियों तथा स्वयंसेवी शिक्षकों का उल्लास मोबाइल ऐप एवं पोर्टल पर मौके पर ही पंजीयन किया जाएगा।
साथ ही डिजिटल एवं साक्षरता सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। सुविधानुसार उल्लास खेलकूद प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी। दिवस के समापन पर सायं 7रू00 बजे युवाओं, शिक्षकों, आँगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा विद्यार्थियों की सहभागिता से कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
साथ ही जिले के सभी वर्गाे से ,सामाजिक प्रमुखों से, पंचायत प्रतिनिधियों से, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील किया गया है कि जिले को पूर्ण साक्षर किए जाने हेतु लोगो का चिन्हाकार कर शिक्षा के मुख्य धारा में जोड़ा जा सके।