हसदेव बांगो परियोजना- बैराज गेटों की मरम्मत और पेंटिंग के लिए 3.83 करोड़ रूपए की स्वीकृति
रायपुर, 09 अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ राज्य शासन ने कोरबा जिले की महत्वाकांक्षी हसदेव बांगो परियोजना के अंतर्गत हसदेव बैराज दर्री के संरक्षण व सुदृढ़ीकरण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बैराज के गेटों, स्टॉप लॉग और होइस्टिंग सिस्टम की मरम्मत तथा पेंटिंग कार्य के लिए 3.83 करोड़ रूपए से अधिक की पुनः पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
जारी स्वीकृति के तहत हसदेव बैराज दर्री के सभी गेट स्टॉप लॉग, दांयी एवं बांयी तट हेड रेग्यूलेटर तथा उनके होइस्टिंग एरेंजमेंट (उठाने-गिराने की प्रणाली) का आवश्यक सुधार व मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही जंग व क्षरण से बचाव के लिए संपूर्ण गेट ढांचे की गुणवत्तापूर्ण पेंटिंग कराई जाएगी।
समय-सीमा, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर सख्त निर्देश
राज्य शासन ने कहा है कि तय बजट सीमा से अधिक व्यय किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। निर्माण व मरम्मत प्रक्रिया के लिए प्रतिस्पर्धात्मक एवं पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कार्य शुरू करने से पूर्व सक्षम अधिकारियों से तकनीकी स्वीकृति, ड्रॉइंग एवं डिजाइन का अनुमोदन लेना अनिवार्य होगा। अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना होगा। केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही नियमानुसार समय-वृद्धि पर विचार किया जाएगा। शासन ने अधिकारियों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, वित्तीय अनुशासन और मितव्ययिता सुनिश्चित करते हुए संपूर्ण कार्य की कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
