कलेक्टर ने जामगांव में निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र का किया निरीक्षण

कोंडागांव, 07 अगस्त 2026/* कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव में निर्माणाधीन 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा शेष कार्यों, टॉवर लाइन एवं अन्य संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत उपकेंद्र से संबंधित सभी शेष कार्यों को अगस्त माह के अंत तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें, ताकि क्षेत्रवासियों को विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्यों में आवश्यक गति लाने के साथ-साथ कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता जे. केरकेट्टा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।