अग्निवीर भर्ती के लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मिलेगा निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण
14 अगस्त तक रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराने की अपील
गरियाबंद, 07 अगस्त 2026/भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 की लिखित परीक्षा में सफल जिले के कुल 82 अभ्यर्थियों के लिए जिला स्तर पर निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य अभ्यर्थियों को आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा की बेहतर तैयारी कराना है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गरियाबंद ने इच्छुक अभ्यर्थियों से 14 अगस्त 2026 तक अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा अग्निवीर थल सेना का पंजीयन क्रमांक कार्यालय में उपस्थित होकर दर्ज कराने की अपील की है। अभ्यर्थी यह जानकारी कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07706-241269 या ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध करा सकते हैं। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र ने पात्र अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराकर निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।
