दिव्यांग एवं वृद्ध हितग्राहियों तक पहुंच रही समाज कल्याण विभाग की योजनाएं
डीबीटी से पेंशन, सहायक उपकरण का लाभ
गरियाबंद, 05 अगस्त 2026/समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के पात्र दिव्यांग एवं वृद्ध हितग्राहियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का नियमित लाभ प्रदान किया जा रहा है। विभाग द्वारा पेंशन, सहायक उपकरण एवं अन्य सुविधाएं समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम पंचायत जंगल धवलपुर के ग्राम जरण्डी निवासी लटीराम कमार को समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 500 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में प्रदान की जा रही है। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती तिसाइन बाई को विभाग द्वारा ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई है। दोनों हितग्राही विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हैं।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत गनियारी के आश्रित ग्राम पतोरी तहसील फिंगेश्वर निवासी श्रीमती जमुना बाई को दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 500 रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में नियमित रूप से जमा की जा रही है। इसके अलावा उन्हें जनपद पंचायत फिंगेश्वर के माध्यम से मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल भी प्रदान की गई है। समाज कल्याण विभाग ने बताया कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। यदि किसी पात्र व्यक्ति को किसी योजना से संबंधित जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो, तो वे संबंधित कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
