लता उसेंडी ने 107 छात्राओं को वितरित की साइकिलें, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

कोंडागांव, 02 अगस्त 2026/ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंडागांव में आज सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 107 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। साथ ही 10 नए कंप्यूटर का विद्यालय में शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। बेटियों की शिक्षा से परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना का उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को शिक्षा जारी रखने में सुविधा मिलेगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, दीपाश अरोरा, जीतू सुराना, श्रीमती पदमनी साहू, श्रीमती सुषमा खोब्रागड़े, संतोष पात्रे, ललित देवांगन, श्रीमती रेखा साहू, श्रीमती सुमन शुक्ला, ललित लुक्कड़ एवं श्रीमती हिना श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, पालक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।