मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना: प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु काउन्सलिंग 22 जुलाई से

एमसीबी/21 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य के प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउन्सलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विभाग द्वारा काउन्सलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि विभागीय वेबसाइट eklavya.cg.nic.in पर प्रदर्शित कर दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक संबंधित आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक काउन्सलिंग आयोजित की जाएगी। सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
काउन्सलिंग के समय विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक अंक) से उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक/प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण-पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरी सत्यापित प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), जाति प्रमाण-पत्र, तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो) प्रस्तुत करना होगा।
इसके अतिरिक्त विशेष श्रेणी के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे अथवा देश की रक्षा या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल अथवा सैनिक के आश्रित होने संबंधी सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
काउन्सलिंग के उपरांत संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र पाए गए विद्यार्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण-पत्र संबंधित विद्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

इन्हें भी पढ़े