गरियाबंद में प्रयास आवासीय विद्यालयों के लिए काउंसलिंग 22 जुलाई से

गरियाबंद, 21 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद काउंसलिंग तिथि घोषित कर दिया गया है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त लोकेश पटेल ने बताया कि काउंसलिंग 22 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं काउंसलिंग की तिथि विभागीय वेबसाइट एकलव्य डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सूची में आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में सुबह 11ः00 बजे से शाम 4ः00 बजे तक उपस्थित होना होगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) अंकसूची, विद्यालय द्वारा जारी सत्यापन प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति अथवा नक्सल पीड़ित प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों जैसे दिव्यांग, अनाथ, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा शहीद सैनिक, पुलिस, अर्द्धसैनिक एवं सशस्त्र बलों के बच्चों को संबंधित प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग के बाद प्रवेश के पात्र अभ्यर्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य होगा।