समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
– स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं जनहित योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
सूरजपुर/20 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों के अग्रिस्टैक पंजीयन, खाद-बीज के समितियों में उपलब्धता , उठाव और वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों को समय पर और शत-प्रतिशत खाद बीज वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राशन कार्ड ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान विकासखंडवार संस्थागत प्रसव की जानकारी ली और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) प्रकरणों के बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में स्नेक बाइट के मामलों एवं मौसमी बीमारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, उपचार एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शिशु टीकाकरण, ओरल एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग तथा हाट-बाजार क्लीनिक योजना की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के उपचार एवं प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत लाभ प्रदाय करने की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान शिक्षकों की नियमित एवं ऑनलाइन उपस्थिति, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं शाला गणवेश का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित एवं लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा आवश्यकतानुसार वेतन कटौती सहित कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए काउंसिलिंग, विकासखंडवार रणनीति तैयार करने, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को प्रोत्साहित करने तथा कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों में सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग, हाउसिंग बोर्ड, पंचायत एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम सचिवों द्वारा जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र जारी करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार एवं पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के दौरान विद्युत आपूर्ति में आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान स्कूल बसों के फिटनेस परीक्षण, वाहन चालकों के स्वास्थ्य एवं दस्तावेजों की जांच तथा जिले में संचालित वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनदर्शन और पीएम पोर्टल में आम नागरिकों से प्राप्त मांगों एवं शिकायतों का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा सभी विभागों के जनहित योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, डिप्टी कलेक्टर, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
