स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर कलेक्टर अमित कुमार का जोर
सुकमा, 20 जूलाई 2026/जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार ने जिला कार्यालय में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) की तैयारियों तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और परिणामोन्मुख कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध मानव संसाधन, भवनों की मरम्मत, बिजली-पानी की व्यवस्था, सोलर बैकअप, डीप सोक पिट, जल निकासी, अतिरिक्त कक्ष निर्माण सहित अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए जहां स्टाफ, वाहन चालक अथवा अन्य संसाधनों की कमी है, वहां शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने एनक्यूएएस के लिए चयनित स्वास्थ्य संस्थानों में सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने HMIS, VHSND, NBSU, AAM और IDSP जैसे स्वास्थ्य पोर्टलों पर डाटा एंट्री की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रविष्टियों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एवीबीडीसीपी, सिकल सेल, चिरायु, एचपीवी टीकाकरण, मातृ-शिशु पंजीकरण और बाल मृत्यु ऑडिट जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन कर अधिकारियों को प्रभावी क्रियान्वयन, समय पर रिपोर्टिंग और गुणवत्तापूर्ण डाटा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ गीतू हरित सहित सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अमित कुमार ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए आगामी समीक्षा बैठक में ठोस प्रगति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
