बीएड कॉलेज मनेन्द्रगढ़ में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
एमसीबी/16 जुलाई 2026/ अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को बीएड कॉलेज मनेन्द्रगढ़ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य भावी शिक्षकों को जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के नोडल अधिकारी डॉ. अतीक सोनी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के जिला नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय तथा खंड प्रशिक्षण विस्तार अधिकारी (BETO) प्रमेंद सिंह ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बीएड के छात्र-छात्राएं भविष्य के शिक्षक हैं और वे विद्यालयों एवं समुदाय में जनसंख्या स्थिरता, स्वस्थ परिवार, परिवार नियोजन तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का प्रभावी संदेश पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, जनसंख्या वृद्धि के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों तथा जनसंख्या स्थिरता की आवश्यकता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान विषय आधारित प्रश्नोत्तरी, संवाद सत्र एवं अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने जनसंख्या स्थिरता और परिवार नियोजन से जुड़े विषयों पर अपनी समझ एवं विचार भी साझा किए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं सक्रिय सहभागिता निभाने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इस पहल को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
