15 बिस्तरीय नशामुक्ति केन्द्र संचालन हेतु इच्छुक संस्थाओं से आवेदन

बेमेतरा 15 जुलाई 2026/- समाज कल्याण विभाग, जिला बेमेतरा द्वारा जिले में 15 बिस्तरों वाले एकीकृत पुनर्वास केन्द्र (नशामुक्ति केन्द्र) के संचालन हेतु समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त इच्छुक स्वैच्छिक संस्थाओं से प्रस्ताव (रूचि की अभिव्यक्ति) आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन समाचार पत्र में प्रकाशन की तिथि से 21वें दिन अपराह्न 3ः00 बजे तक कार्यालय उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला बेमेतरा (छ.ग.) में जमा किए जा सकते हैं। प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए केवल वही स्वैच्छिक संस्थाएं पात्र होंगी, जिन्हें समाज कल्याण विभाग से जीवित विभागीय मान्यता प्राप्त हो तथा जिनकी मान्यता में कार्यक्षेत्र सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ अंकित हो।
इच्छुक संस्थाएं आवेदन का निर्धारित प्रारूप एवं विस्तृत दिशा-निर्देश जिला बेमेतरा की आधिकारिक वेबसाइटwww.bemetara.gov.in से प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा कार्यालयीन समय में उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, बेमेतरा कार्यालय से भी आवेदन पत्र एवं शर्तों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरकर बंद लिफाफे में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। लिफाफे के ऊपर ’’नशामुक्ति केन्द्र संचालन हेतु आवेदन’’ के साथ संस्था का नाम, पूर्ण पता एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदक संस्था के पास समाज कल्याण विभाग की वैध मान्यता के साथ-साथ शासकीय अथवा शासन से संबंधित निकायों के लिए आवासीय संस्थाओं के संचालन का न्यूनतम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। आवेदन के साथ संस्था की विगत तीन वर्षों की सी.ए. द्वारा प्रमाणित ऑडिट रिपोर्ट, विभागीय मान्यता, पंजीयन प्रमाण-पत्र, संस्था की नियमावली तथा यदि जिला बेमेतरा में पूर्व कार्यानुभव या शाखा हो तो उसका विवरण भी संलग्न करना होगा।
नशामुक्ति केन्द्र के संचालन हेतु संस्था के पास भवन उपलब्ध होना अनिवार्य है। यदि भवन किराये का है तो किरायानामा, भवन का स्थान तथा भवन के फोटोग्राफ आवेदन के साथ संलग्न करना आवश्यक होगा। समस्त प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण निर्धारित चयन समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।