बेमेतरा जिले के 09 छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ, रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश

बेमेतरा 15 जुलाई 2026/- आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, जिला बेमेतरा के अंतर्गत संचालित कुल 24 छात्रावासों एवं आश्रमों में से 09 संस्थाओं में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी संबंधित छात्रावासों के अधीक्षक, अधीक्षिका अथवा संस्था प्रमुख से संपर्क कर छात्रावास नियमावली के अनुसार प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग के अनुसार प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, साजा में 50 स्वीकृत सीटों में से 15 सीटें रिक्त हैं, जबकि प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, साजा में 50 में से 18 सीटें खाली हैं। इसी प्रकार पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, साजा में 50 स्वीकृत सीटों में से 43 सीटें रिक्त हैं। पोस्ट मैट्रिक अन्य पिछड़ा वर्ग बालक छात्रावास, बेमेतरा में 50 में से 10 तथा पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, बेमेतरा में 50 में से 18 सीटें रिक्त हैं।
इसी तरह पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, नवागढ़ में 50 में से 17 सीटें, प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, बेरला में 20 में से 11 सीटें तथा पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, साजा में 50 में से 31 सीटें रिक्त हैं। वहीं अनुसूचित जाति कन्या आश्रम, मारो में 100 स्वीकृत सीटों में से 25 सीटों पर प्रवेश उपलब्ध है।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने इच्छुक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से समय रहते संबंधित संस्था में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आदिवासी विकास विभाग, कलेक्टरेट शाखा, बेमेतरा में कार्यालयीन समय पर उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।