उत्कृष्ट प्रदर्शन और त्वरित सेवाओं के लिए सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधकों का सम्मान
कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित, कहा- सेवा सेतु बना सुशासन और पारदर्शी प्रशासन का प्रभावी माध्यम
बेमेतरा 14 जुलाई 2026/- नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सुलभ, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित “सेवा सेतु परियोजना” जिले में सुशासन का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। लोक सेवा केन्द्रों का उन्नयन कर उन्हें “सेवा सेतु केन्द्र” के रूप में विकसित किए जाने से प्रशासनिक सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ी है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अब आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इसी उत्कृष्ट कार्य एवं नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बेहतर सेवा देने वाले प्रबंधकों को मिला सम्मान
कलेक्टर ने तहसील बेरला की सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधक श्रीमती बिंदेश्वरी वर्मा को सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त कुल आवेदनों में से 99.67 प्रतिशत आवेदनों का सफल अनुमोदन सुनिश्चित कर नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया। इसी प्रकार तहसील साजा के सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधक संदीप देवांगन को 99.65 प्रतिशत आवेदनों के सफल अनुमोदन के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
नागरिकों को समय पर मिल रही महत्वपूर्ण शासकीय सेवाएं
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, बी-1, खसरा-नकल, राजस्व प्रकरणों से संबंधित सेवाएं, नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र प्रकाशन, राशन कार्ड, पेंशन सहित अनेक महत्वपूर्ण शासकीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आम नागरिकों का समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत हो रही है तथा सरकारी सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
सेवा सेतु बना डिजिटल सुशासन का प्रभावी माध्यम
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि सेवा सेतु परियोजना का मूल उद्देश्य आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। अब नागरिक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ही देख सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी है। प्रत्येक सेवा के लिए निर्धारित समय-सीमा होने से आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केन्द्र विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहे हैं। अब उन्हें छोटे-छोटे कार्यों या आवश्यक प्रमाण-पत्रों के लिए तहसील अथवा जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि उनके नजदीकी सेवा सेतु केन्द्र पर ही अधिकांश शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
अन्य प्रबंधकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए किया प्रेरित
कलेक्टर ने सम्मानित सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधकों से परियोजना के संचालन एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली तथा नागरिक हित में उनके समर्पण, जिम्मेदारी एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएं देते हुए जिले के सभी सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधकों एवं संचालकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और जनहित में बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ई-जिला प्रबंधक महेन्द्र कुमार वर्मा ने भी सम्मानित सेवा सेतु केन्द्र प्रबंधकों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की तथा कहा कि सेवा सेतु परियोजना के माध्यम से जिले में नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता लगातार बेहतर हो रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा सेतु केन्द्रों की सक्रिय भूमिका से शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ जिले के प्रत्येक नागरिक तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा तथा सुशासन की अवधारणा को और मजबूती मिलेगी।
