चखना सेंटर चाकूबाजी कांड का अंतिम फरार आरोपी भी गिरफ्तार, सभी पहुंचे जेल
तीन महीने से फरार चल रहा शिवा मांझी पुलिस के हत्थे चढ़ा, चखना दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का है मामला
महासमुंद। बागबाहरा में देसी शराब दुकान के पास संचालित चखना सेंटर में हुए जानलेवा चाकूबाजी कांड के अंतिम फरार आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है। गिरफ्तार आरोपी शिवा मांझी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 6 अप्रैल 2026 की है। बागबाहरा स्थित देसी शराब दुकान के पास चखना दुकान संचालक मोनेस यादव और उसके साथी छन्नू चक्रधारी का ग्राहक गणपत निषाद से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद गणपत निषाद ने अपने साथियों अर्जुन गोस्वामी, शिवा मांझी, सोनू देवांगन तथा एक नाबालिग को फोन कर मौके पर बुलाया। सभी आरोपी धारदार हथियार लेकर पहुंचे और मोनेस यादव पर दौड़ाकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मोनेस यादव के पेट, पीठ और बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के बाद बागबाहरा थाना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 191(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के तुरंत बाद गणपत निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। वहीं तीन आरोपी अर्जुन गोस्वामी, सोनू देवांगन और शिवा मांझी फरार हो गए थे।
लगातार पतासाजी और मुखबिर तंत्र की सक्रिय सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 जून को अर्जुन गोस्वामी और सोनू देवांगन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद घटना के दिन से फरार चल रहे अंतिम आरोपी शिवा मांझी की तलाश लगातार जारी थी। आखिरकार 26 जून को बागबाहरा पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
