तिलक, मिठाई और पुस्तकों के साथ हुआ नौनिहालों का स्वागत, उत्साह से मना शाला प्रवेशोत्सव

स्वामी आत्मानंद में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश व पाठ्यपुस्तकों का वितरण, नगर पालिका अध्यक्ष ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
महासमुंद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी शासकीय उच्च प्राथमिक शाला, महासमुंद में शनिवार को शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण भी किया।
मुख्य अतिथि श्री साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी और सफलता का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी। साथ ही सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पार्षद भाऊराम साहू, पार्षद ज्योति (रिंकू) चंद्राकर, नीरज चंद्राकर, शाला विकास समिति की अध्यक्ष प्रीति सोनी, प्राचार्य डॉ. संध्या चंद्राकर, वरिष्ठ व्याख्याता हेमंत डडसेना, प्रधान पाठक भगोली राम साहू सहित जगन्नाथ साहू, मनोज साहू, कमलेश चंद्राकर, भारती सोनी, इंदु देवांगन, हर्ष साहू तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। विद्यालय परिसर में नए विद्यार्थियों के स्वागत और शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।