विधानसभा मानसून सत्र के लिए जिला प्रशासन की तैयारी तेज
नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
एमसीबी/26 जून 2026/ आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विधानसभा में जिले से संबंधित प्रश्नों के समयबद्ध एवं तथ्यात्मक उत्तर शासन को उपलब्ध कराने तथा उनकी सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विधानसभा मानसून सत्र के दौरान प्राप्त विधानसभा प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय-सीमा में तैयार कर शासन को भेजने तथा संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। वहीं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख यादवेन्द्र कुमार कैवर्त को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो इस कार्य में समन्वय एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग विधानसभा से संबंधित प्रश्नों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि उत्तरों के संकलन, परीक्षण एवं प्रेषण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जा सके। इसके साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विधानसभा सत्र के दौरान शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों का त्वरित पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रत्येक उत्तर की शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखना है। इसी को ध्यान में रखते हुए नोडल अधिकारियों को समस्त विभागों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
