अवैध मुरुम उत्खनन : चैन माउंटेन मशीन जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की त्वरित कार्रवाई, शिकायत मिलते ही टास्क फोर्स ने दी दबिश
बेमेतरा 26 जून 2026/- कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दूरभाष पर प्राप्त शिकायत के आधार पर खनिज विभाग की टास्क फोर्स ने 25 जून 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सिलघट, तहसील बेरला, जिला बेमेतरा में अवैध मुरुम उत्खनन की सूचना पर मौके पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान स्थल पर मुरुम का अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया। कार्रवाई के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन उत्खनन स्थल पर लावारिस अवस्था में मिली, जिसे टीम द्वारा मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार ग्राम सरपंच के सुपुर्द किया गया।
खनिज विभाग ने बताया कि उक्त प्रकरण में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के अंतर्गत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मशीन के स्वामी एवं अवैध उत्खनन में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध खनन संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं शासन के राजस्व हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
