यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ में नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत दिलाई गई शपथ
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प
एमसीबी/24 जून 2026/ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित नशा मुक्त भारत सप्ताह के अवसर पर यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशे के किसी भी रूप का सेवन न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर समस्या है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाकर स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण करना है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के कारण होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों के बारे में जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
