सूर्यघर से उजियारा, दीदियों को मिलेगा रोजगार का सहारा
कार्यशाला में 46 नए प्रकरण प्रस्तावित
कोरिया, 23 जून 2026/ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिला पंचायत कोरिया के मंथन सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत सोलर दीदियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य सोलर दीदियों के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों तक प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ पहुंचाना तथा बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं को अतिरिक्त आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना था। पीएम सूर्यघर और बिहान योजना के अभिसरण से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ.साथ महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है। योजना के तहत प्रत्येक स्वीकृत प्रकरण पर सोलर दीदियों को 8 से 10 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 66 सोलर दीदियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। कार्यशाला के दौरान सोलर दीदियों द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के 46 नए प्रकरण प्रस्तावित किए गए। साथ ही क्षेत्र में कार्य करते समय आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की समीक्षा कर उनका त्वरित समाधान भी किया गया।
कार्यशाला में आमंत्रित ग्रामीण हितग्राहियों को सोलर पावर प्लांट स्थापना, योजना के लाभ एवं बिजली बचत से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। हितग्राहियों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने योजना से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं और आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉण् आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ग्रामीण परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। सोलर दीदियां गांव.गांव जाकर लोगों को जागरूक कर उनके बिजली बिल को शून्य करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि परिवारों की आर्थिक बचत भी सुनिश्चित होगी।
कार्यशाला में बिहान योजना के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, सौर ऊर्जा एवं विद्युत विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ तथा बड़ी संख्या में सोलर दीदियां उपस्थित रहीं।
