25 जून को पोंड़ी में लगेगा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र शिविर

21 प्रकार की दिव्यांगताओं के नवीन एवं नवीनीकरण प्रमाण-पत्र बनाए जाएंगे, मेडिकल बोर्ड रहेगा उपस्थित
कोरिया, 23 जून 2026/ जिले के दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र संबंधी सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 जून 2026, गुरुवार को ग्राम पंचायत पोंड़ी स्थित सर्व आदिवासी भवन में दिव्यांगता प्रमाण.पत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के नवीन एवं नवीनीकरण दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शिविर तहसील पोंड़ी-बचरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों के दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए आयोजित किया जा रहा है। शिविर के आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिस पर सहमति प्रदान की गई।
शिविर में जिला मेडिकल बोर्ड के सदस्य प्रातः 10 बजे से उपस्थित रहेंगे तथा दिव्यांगजनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
समाज कल्याण विभाग ने क्षेत्र के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है।

इन्हें भी पढ़े