केतनपाल में जल जीवन मिशन बना बदलाव की धारा

हर घर पहुंचा शुद्ध पेयजल, वर्षों पुरानी जल समस्या से मिली राहत
रायपुर, 09 जून 2026/बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कोमपल्ली के आश्रित ग्राम केतनपाल में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अब हर घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों को वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिली है और उनका दैनिक जीवन अधिक सुविधाजनक बन गया है।
हैंडपंपों पर निर्भरता से मिली मुक्ति
जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से पहले गांव में पेयजल की व्यवस्था 14 हैंडपंपों के माध्यम से होती थी। ग्रामीणों को पानी भरने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। गर्मी, बारिश और सर्दी के मौसम में भी पानी जुटाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। विशेषकर महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता था।
सोलर आधारित जल संरचनाओं से हर घर तक पानी
जल जीवन मिशन के तहत गांव में 10 केएल क्षमता वाली 4 सोलर आधारित जल संरचनाएं स्थापित की गई हैं। इनके माध्यम से गांव के 109 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन देकर नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों का समय बच रहा है और उन्हें सुरक्षित पेयजल भी मिल रहा है।
स्थानीय स्तर पर रखरखाव की व्यवस्था
योजना के सुचारु संचालन और रखरखाव के लिए गांव से ही एक नल-जल मित्र का चयन किया गया है। उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि जल आपूर्ति से संबंधित छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके। इससे योजना की प्रभावशीलता और स्थायित्व सुनिश्चित हो रहा है।
ग्रामसभा में हुआ ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण
ग्रामसभा के माध्यम से केतनपाल में शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण किया गया। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती सोनी सोढ़ी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के परियोजना समन्वयक इन्द्रबहादुर मंडावी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामसभा में नल-जल योजना के संचालन, रखरखाव, जल प्रदाय व्यवस्था और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों की सहमति से योजना के संचालन एवं संधारण के लिए प्रति परिवार 30 रुपये प्रतिमाह जलकर भी निर्धारित किया गया।
ग्रामीणों ने बताई योजना की उपयोगिता
ग्रामवासी सोमलू कुडियम बताते हैं कि पहले पानी के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हैंडपंपों पर लंबी कतारें लगती थीं और पानी लाने में काफी समय व्यतीत होता था। अब घर में नल से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से उनकी सबसे बड़ी समस्या दूर हो गई है।
सामुदायिक भागीदारी से मजबूत हुआ जल प्रबंधन
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत को जल आपूर्ति प्रणाली के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे ग्रामीणों में योजना के प्रति स्वामित्व की भावना विकसित हुई है। ग्रामीण अब जल स्रोतों के संरक्षण और जल प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
‘हर घर जल’ संकल्प का सफल उदाहरण
ग्राम केतनपाल की यह उपलब्धि जल जीवन मिशन के ‘हर घर जल’ संकल्प को साकार करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस योजना ने न केवल ग्रामीणों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया है, बल्कि सामुदायिक सहभागिता, जल संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी एक मजबूत आधार तैयार किया है।