विश्व साइकिल दिवस पर निकली भव्य साइकिल रैली
फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश, कलेक्टर समेत सैकड़ों लोग हुए शामिल
महासमुंद। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विविध खेल एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। मिनी स्टेडियम महासमुंद से आयोजित कार्यक्रम में साइकिल रैली, योग, जुंबा तथा आत्मरक्षा प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे हिट हॉप जुंबा टीम के हितेश यादव एवं वैशाली ठाकुर के नेतृत्व में जुंबा सत्र से हुई। इसमें खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इसके बाद सुबह 8 बजे मिनी स्टेडियम से भव्य साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया। रैली बारोंडा चौक, शास्त्री चौक और गांधी चौक होते हुए पुनः मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं, नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
रैली में वन विद्यालय, फिजिकल अकादमी, नेटबॉल, बास्केटबॉल, कराते, बैडमिंटन, फुटबॉल, हैंडबॉल, योगा एवं एनसीसी से जुड़े प्रतिभागियों के साथ माई भारत संगठन, विभिन्न खेल संघों एवं सामाजिक संस्थाओं के सदस्य भी शामिल रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर न केवल स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया जा सकता है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और हरित वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना, फिटनेस को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का प्रसार करना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पुलिस विभाग, एनसीसी, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों, खेल संघों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
