अवैध खनन के मामले में जेसीबी समेत तीन वाहन जब्त
रायपुर, 5 जून 2026/खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम जोरातराई और पिपरिया क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की। जब्त सभी वाहनों को थाना खैरागढ़ की सुपुर्दगी में रखा गया है।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि 3 जून को किए गए निरीक्षण के दौरान ग्राम जोरातराई क्षेत्र में वाहन क्रमांक सीजी 07 एनए 9128 की जेसीबी मशीन से बिना वैध अनुमति मुरूम का उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान पिपरिया क्षेत्र से ईंटों का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई की गई। ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 08 एज़ेड 2446 के मालिक आजेश प्रजापति निवासी मारूटोला, खैरागढ़ तथा ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 08 एज़ेड 3751 के मालिक संजय वर्मा निवासी मारूटोला, खैरागढ़ बताए गए हैं। दोनों वाहनों को भी जब्त कर थाना खैरागढ़ में रखा गया है। उक्त मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
