ओदरागहन समूह जलप्रदाय योजना से शीघ्र शुरू होगी जलापूर्ति

दुर्ग, 01 जून 2026/कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर सिंह ने जिले में संचालित विभिन्न जलप्रदाय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में प्रगतिरत 07 समूह जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि ओदरागहन समूह जलप्रदाय योजना से शीघ्र जलापूर्ति प्रारंभ की जाएगी। वहीं अंजोरा ढाबा एवं मोतिमपुर समूह योजनाओं में विद्युत कनेक्शन से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया। जल जीवन मिशन अंतर्गत निरस्त किए गए अनुबंधों के मामलों में शीघ्र नई निविदा आमंत्रित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन एजेंसियों द्वारा कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के कारण स्पष्टीकरण जारी किया गया है, उनके संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने के को कहा। कलेक्टर ने अमलेश्वर समूह योजना में शामिल चार ग्राम- अमलेश्वर, मगरघटा, खुड़मुड़ी एवं भोथली को संबंधित स्थानीय निकाय को हस्तांतरित करने हेतु संयुक्त निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में जल जीवन मिशन अंतर्गत योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनका संचालन एवं संधारण संबंधित पंचायतों द्वारा किया जाएगा। इसके लिए जिला पंचायत को नल जल मित्रों का चयन कर प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मिशन संचालक, जल जीवन मिशन से प्राप्त निर्देशानुसार ’लोक जल उत्सव’ वार्षिक कैलेंडर को जिला वार्षिक कार्ययोजना में शामिल करते हुए ग्राम पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर हर घर प्रमाणीकरण किए जाने एवं योजना को संबंधित पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उत्कर्ष पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े