नशामुक्त भारत अभियान को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित

स्कूलों में बनेंगी नशामुक्ति समितियां, शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्ती के निर्देश
महासमुंद। जिले में नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित समिति के सदस्य एवं सदस्य सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने जिले में संचालित नशामुक्त भारत अभियान की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी विभागों तथा स्वैच्छिक संस्थाओं के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष जोर दिया।
तंबाकू और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रहेगी कड़ी निगरानी
कलेक्टर ने शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट, तंबाकू तथा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशीली दवाइयों की अवैध उपलब्धता और बिक्री की जानकारी एकत्र कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने को कहा।
हर स्कूल में बनेगी नशामुक्ति समिति
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यालय स्तरीय नशामुक्ति समितियों के गठन का निर्णय लिया गया। इसके तहत कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा से एक-एक छात्र को मास्टर वॉलंटियर तथा एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
बचपन से जागरूकता पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था से ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपना सकें। बैठक के दौरान समिति द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी संचालन के लिए तैयार कार्ययोजना का अनुमोदन भी किया गया। जिले में नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्णय लिया गया।

इन्हें भी पढ़े