खेड़ीगांव–चौकबेड़ा सड़क निर्माण का भूमिपूजन, 1.98 करोड़ की लागत से बनेगा मार्ग

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत होगा निर्माण
ग्रामीणों को आवागमन और मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच में मिलेगी राहत
महासमुंद। क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए खल्लारी विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने ग्राम खेड़ीगांव से चौकबेड़ा तक बनने वाली सड़क का भूमिपूजन किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनने वाले इस मार्ग का निर्माण लगभग 1 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
खेड़ीगांव से चौकबेड़ा तक सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण पहल की, जिसके बाद अब निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक यादव ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि यह सड़क न केवल ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। सड़क बनने के बाद खेड़ीगांव, चौकबेड़ा सहित आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और दैनिक आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य करन सिंह दीवान, संजय अग्रवाल, जनपद सदस्य श्रीमती हेमकरण दीवान, सरपंच सोपेन्द्र दीवान, उपसरपंच प्रतीक पटवा, संतोष यादव, रुद्र कुमार दीवान, लीलाराम, खीरराम यादव, बलदाऊराम यादव, शंकर दीवान, मोहन नायक, लखन यादव, अशोक दीवान, गणेशराम दीवान, मिलाप सिंह दीवान, नारायण गिरि, बलदाऊ यादव, लोकनाथ यादव, खाससिंह दीवान, भुवन निषाद, राजाराम यादव, चिंताराम दीवान, राधाबाई यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े