सुशासन तिहार: समाधान शिविर में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर
विधायक ने कहा- विकसित महासमुंद के लिए संसाधनों की नहीं होगी कमी
महासमुंद। सुशासन तिहार के तहत सोमवार को नगर पालिका महासमुंद के शहरी क्षेत्र का पहला समाधान शिविर वार्ड क्रमांक 20 स्थित कुंवर दिलीप सिंह जूदेव टाउन हॉल में आयोजित किया गया। शिविर में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में वार्ड क्रमांक 2 से 11 तक के नागरिकों की मांगों और शिकायतों के समाधान के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षेत्र में 909 हितग्राहियों को लाभ मिल चुका है तथा शेष पात्र आवेदनों की प्रक्रिया जारी है।
विधायक ने महासमुंद के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर में सड़क निर्माण, नयापारा बायपास, नहर लिंकिंग रोड और रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वहीं सिकासेर-कोडार लिंकिंग परियोजना से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 10 गंभीर कुपोषित बालिकाओं को सुपोषण किट प्रदान की तथा 35 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग ने रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य जांच कर दवाइयों का वितरण किया। परिवहन विभाग ने 56 लोगों का पंजीयन कर 20 हितग्राहियों को मौके पर लर्निंग लाइसेंस जारी किया।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
