बिना अनुमति सेप्टिक टैंक सफाई कर रहे वाहन पर नगर पालिका की सख्ती

आंध्र प्रदेश पंजीयन वाले वाहन की जांच, दस्तावेज व अनुमति नहीं मिलने पर दी चेतावनी; नियमों के पालन के दिए निर्देश
महासमुंद। नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने बिना अनुमति संचालित हो रही सेप्टिक टैंक सफाई सेवाओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर शुक्रवार को स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर एवं स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बक्श द्वारा नगर क्षेत्र में संचालित एक सेप्टिक टैंक सफाई वाहन की जांच की गई।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि आंध्र प्रदेश पंजीयन वाला वाहन नगर क्षेत्र में सेप्टिक टैंक सफाई कार्य कर रहा था। टीम ने वाहन संचालक से कार्य संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ-साथ नगर पालिका से प्राप्त अनुमति एवं अन्य वैधानिक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। जांच में यह सामने आया कि वाहन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना तथा आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बगैर कार्य किया जा रहा था।
इस पर नगर पालिका अधिकारियों ने वाहन संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में सभी आवश्यक दस्तावेज एवं वैधानिक अनुमति प्राप्त करने के बाद ही नगर क्षेत्र में कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की सेप्टिक टैंक सफाई या अन्य सेवा गतिविधियों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डिप्टी कलेक्टर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज कुमार खांडे ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में सेप्टिक टैंक सफाई सहित अन्य सभी सेवा गतिविधियों का संचालन निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरणीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से ले रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति, संस्था अथवा वाहन संचालक बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन करते हुए कार्य करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सेप्टिक टैंक सफाई अथवा अन्य सेवाओं के लिए केवल अधिकृत और नियमों के अनुरूप संचालित एजेंसियों एवं वाहनों का ही उपयोग करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध या अनियमित गतिविधि की जानकारी तत्काल नगर पालिका प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और शहर में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।

इन्हें भी पढ़े