प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित हुए कौंदकेरा के नारद राम
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित हुए ग्राम कौंदकेरा के नारद राम यादव
गरियाबंद, 31 मई 2026/ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को बिजली खर्च में राहत प्रदान करने का माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम कौंदकेरा निवासी नारद राम यादव भी इस महत्वाकांक्षी योजना से लाभान्वित हुए हैं। नारद राम यादव का बी.पी. क्रमांक 1004500396 है। उन्होंने अपने आवास में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय पोर्टल पर 29 सितम्बर 2025 को ऑनलाइन पंजीयन कराया था। आवेदन की स्वीकृति के बाद योजना के तहत अधिकृत वेन्डर सन रेडियेशन पॉवर सॉल्यूशन द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार उनके घर पर 3 किलोवॉट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किया गया।
सोलर संयंत्र स्थापना के पश्चात आवश्यक तकनीकी निरीक्षण एवं परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। फाइनल इंस्पेक्शन के उपरांत 01 अक्टूबर 2025 को परिसर में नेट मीटर स्थापित कर सोलर सिस्टम के सिंक्रोनाइजेशन की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई। इसके बाद सौर ऊर्जा उत्पादन प्रारंभ हो गया और उपभोक्ता को योजना का प्रत्यक्ष लाभ मिलने लगा। सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने के बाद नारद राम यादव को विद्युत बिल में उल्लेखनीय राहत मिल रही है। नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से सोलर संयंत्र द्वारा उत्पादित विद्युत ऊर्जा तथा उपभोग की गई बिजली के आधार पर जनरेशन, इम्पोर्ट एवं एक्सपोर्ट यूनिट का आकलन किया जाता है। इसके अनुसार उन्हें प्रतिमाह सोलर ऊर्जा उत्पादन की राशि का लाभ एवं बिजली बिल में छूट प्राप्त हो रही है।
नारद राम यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से उन्हें आर्थिक लाभ मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का अवसर भी मिला है। उन्होंने अन्य उपभोक्ताओं से भी इस योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने की अपील की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में लगातार सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ-साथ अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है।
