तुमगांव–महासमुंद सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

अन्नू चंद्राकर बोलीं- गुणवत्ता से समझौता हुआ तो करेंगे शिकायत और जनआंदोलन
महासमुंद। तुमगांव से महासमुंद तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासमुंद ग्रामीण की अध्यक्ष अन्नू चंद्राकर ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शुरू हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन आज भी कई स्थानों पर कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अन्नू चंद्राकर ने बताया कि सड़क के कई हिस्सों में लेवलिंग और गिट्टी बिछाने का कार्य करीब चार माह पहले पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक डामरीकरण नहीं किया गया है। इसके कारण सड़क पर लगातार धूल उड़ रही है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों, व्यापारियों और आसपास के रहवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
वर्षा ऋतु से पहले कार्य पूरा करने की मांग
उन्होंने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है। यदि समय पर डामरीकरण नहीं किया गया तो बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है, जिससे आवागमन प्रभावित होगा और लोगों की समस्याएं बढ़ेंगी।
जीएसबी और डब्ल्यू एम एम कार्य की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र के लोगों से सड़क निर्माण में उपयोग किए जा रहे जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) और डब्ल्यू एम एम (वेट मिक्स मैकाडम) कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन सामग्रियों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्लांट में मिश्रित कर कार्यस्थल तक लाया जाना चाहिए, ताकि सड़क की मजबूती और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की प्रक्रिया और गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में तकनीकी जांच कराकर यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विभागीय दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है या नहीं।
नियमित निरीक्षण और निष्पक्ष जांच की मांग
अन्नू चंद्राकर ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए, ताकि जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
शिकायत और जनआंदोलन की चेतावनी
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों, प्रमुख सचिव और शासन स्तर पर औपचारिक शिकायत की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जनआंदोलन भी किया जाएगा। अन्नू चंद्राकर ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।