सुशासन तिहार बना सहारा: त्वरित समाधान से हितग्राहियों को मिली राहत

आवेदनों का निराकरण कर प्रशासन ने प्रदान किया नया राशन कार्ड
रायपुर, 25 मई 2026/सुशासन तिहार 2026 जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। शासन की संवेदनशील पहल और प्रशासन की सक्रियता के चलते अब जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम किरना में आयोजित समाधान शिविर में ग्राम जुनवानी निवासी आरती वर्मा एवं ग्राम भरेवा निवासी साधमती को नवीन राशन कार्ड बनाकर तत्काल राहत प्रदान की गई।
आरती वर्मा और साधमती ने बताया कि विवाह से पहले उनका नाम माता-पिता के राशन कार्ड में जुड़ा हुआ था, जिसके कारण उन्हें नया राशन कार्ड नहीं मिल पा रहा था। लंबे समय से समस्या बनी होने के कारण वे शासन की कई सुविधाओं से वंचित थीं। समाधान शिविर में उन्होंने नए राशन कार्ड के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिसके बाद खाद्य विभाग ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए तत्काल प्रक्रिया शुरू की। खाद्य विभाग ने दूसरे जिले के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज मंगवाए और सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए दोनों हितग्राहियों का राशन कार्ड शीघ्र जारी कर दिया। राशन कार्ड मिलने के बाद दोनों महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें खाद्यान्न सहित शासन की अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।