दलदली रोड मुक्तिधाम का होगा कायाकल्प, 24.70 लाख रुपए की मिली स्वीकृति

शवदाह शेड, शोक सभा गृह, शौचालय और पेवर ब्लॉक सहित कई सुविधाओं का होगा निर्माण
महासमुंद। शहर के नयापारा वार्ड क्रमांक 11 स्थित दलदली रोड मुक्तिधाम का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के प्रयासों से मुक्तिधाम के विकास एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 24.70 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। स्वीकृत राशि से यहां विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को अंतिम संस्कार के दौरान बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था मिल सकेगी।
नगर पालिका द्वारा मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में दलदली रोड स्थित मुक्तिधाम काफी जर्जर अवस्था में है। यहां शवदाह शेड और प्रतीक्षालय की स्थिति खराब होने से लोगों को गर्मी, बारिश और ठंड के मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब स्वीकृत राशि से मुक्तिधाम में आरसीसी शवदाह शेड, शौचालय, शोक सभा गृह, पेवर ब्लॉक एवं कांक्रीट निर्माण जैसे कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि मुक्तिधाम को गरिमामय, शांत एवं सुविधायुक्त स्थल के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने इसे अपने चुनावी वादों में भी शामिल किया था तथा वर्ष 2025-26 के नगर पालिका बजट में इस कार्य के लिए विशेष प्रावधान किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद अब इस योजना को स्वीकृति मिल पाई है।
उन्होंने कहा कि नयापारा क्षेत्र के नागरिकों को अंतिम संस्कार एवं शोक कार्यक्रमों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मुक्तिधाम में आने वाले लोगों को शांत, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है।