बेमेतरा एग्रीस्टैक पंजीयन में प्रदेश में अव्वल, 1.70 लाख किसानों की बनी आईडी
बेमेतरा 27 अप्रैल 2026/- जिले में एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत कृषकों के पंजीयन का कार्य तेज़ी से जारी है और जिला इस अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक कुल 1.70 लाख कृषकों का सफलतापूर्वक पंजीयन कर उनकी एग्रीस्टैक किसान आईडी तैयार की जा चुकी है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा पूर्व में धान उपार्जन हेतु एग्रीस्टैक पंजीयन को अनिवार्य किया गया था। वर्तमान में इसे और व्यापक बनाते हुए नवीन खाद वितरण पोर्टल के माध्यम से खाद प्राप्त करने के लिए भी एग्रीस्टैक आईडी अनिवार्य कर दी गई है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पंजीयन एवं किस्तों के भुगतान के लिए भी एग्रीस्टैक किसान आईडी आवश्यक कर दी गई है। ऐसे में जिन कृषकों के पास एग्रीस्टैक आईडी नहीं होगी, उन्हें आगामी किस्त का लाभ नहीं मिल सकेगा।
जिले में पीएम किसान योजना के अंतर्गत अब तक 92.21 प्रतिशत लाभार्थियों का एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण हो चुका है, जो कि प्रदेश में सर्वाधिक है और इसी उपलब्धि के साथ बेमेतरा ने पहला स्थान हासिल किया है।
हालांकि, कुछ तकनीकी एवं व्यावहारिक कारणों से अभी भी कुछ कृषकों का पंजीयन लंबित है। जानकारी के अनुसार 1301 पीएम किसान लाभार्थियों के खाते संयुक्त होने के कारण उनका पंजीयन लंबित है, जिनके भूमि अभिलेखों का अद्यतन संबंधित तहसीलदारों द्वारा किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लगभग 4195 लाभार्थियों का पंजीयन मोबाइल फोन की अनुपलब्धता, पलायन एवं अन्य कारणों से अभी तक नहीं हो सका है।
जिला प्रशासन ने शेष सभी कृषकों से अपील की है कि वे शीघ्र ही अपने नजदीकी चॉइस सेंटर या सहकारी समितियों में संपर्क कर एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराएं, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। अधिक जानकारी के लिए कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं पटवारी से संपर्क कर सकते हैं।
