पंचायत उप निर्वाचन: दावे-आपत्ति 20 तक

सूरजपुर/14 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला सूरजपुर के अंतर्गत 6 जनपद पंचायतों की कुल 47 ग्राम पंचायतों की वार्डवार मतदाता नामावली तैयार कर ली गई है। यह नामावली 01 अप्रैल 2026 के आधार पर तैयार की गई है और आम नागरिकों के निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध है।
जिन जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतें इस प्रक्रिया में शामिल हैं, उनमें जनपद पंचायत सूरजपुर की 15 ग्राम पंचायतें (ऊंचडीह, पीढ़ा, डुमरिया, रुनियाडीह, सोहागपुर, चंपकनगर, कुरुवां, हर्राटिकरा, जयनगर, बलरामपुर, शिवसागरपुर, अनुतनगर, पार्वतीपुर, सिलिफिली, रवींद्रनगर), जनपद पंचायत रामानुजनगर की 15 ग्राम पंचायतें (भरुहामुड़ा, अगस्तपुर, परसापारा, उमेशपुर, नारायणपुर, लेडुवा, सुमेरपुर, तेलाईमुड़ा, मांजा, बकना, पस्ता, रामतीर्थ, परशुरामपुर, सेंदुरी, अक्षयपुर), जनपद पंचायत प्रेमनगर की 1 ग्राम पंचायत (बकालो), जनपद पंचायत ओड़गी की 4 ग्राम पंचायतें (ठाढ़पाथर, सेमरा, बड़वार, मसनकी), जनपद पंचायत भैयाथान की 6 ग्राम पंचायतें (दनौलीखुर्द, दुग्गा, केनापारा, चुनगड़ी, लक्ष्मीपुर, राजकिशोरनगर) तथा जनपद पंचायत प्रतापुर की 6 ग्राम पंचायतें (गोंदा, पहाड़करवां, मायापुर-2 सहित) शामिल हैं।
दावे-आपत्ति एवं नाम जोड़ने की प्रक्रिया
कोई भी पात्र व्यक्ति जो मतदाता नामावली में अपना नाम सम्मिलित कराना चाहता हो, किसी प्रविष्टि में संशोधन कराना चाहता हो या किसी नाम के सम्मिलित किए जाने पर आपत्ति दर्ज करना चाहता हो, वह निर्धारित प्रारूप (फॉर्म) में दिनांक 13 अप्रैल 2026 से 20 अप्रैल 2026 को अपराह्न 3 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत भवन में नियुक्त प्राधिकृत कर्मचारी/अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। विहित समय के पश्चात प्रस्तुत दावे या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत की मतदाता नामावली में नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन प्रारूप क-1 में दिनांक 13 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक संबंधित पंजीयन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन), जिला सूरजपुर द्वारा जारी इस प्रेस विज्ञप्ति में नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय-सीमा के भीतर अपने दावे-आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं।