महतारी वंदन योजना के लिए ईकेवायसी कराना अनिवार्य
ईकेवायसी नहीं कराने वाले महिलाओं के बैंक ख़ाता में नहीं आएगा 1 हजार राशि
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 14 अप्रैल 2026/ महतारी वंदन योजना के तहत अब ईकेवायसी को अनिवार्य किए जाने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है। सरिया तहसील अंतर्गत लिप्ती पंचायत के ग्राम विजयपुर में व्हीएलई सुदामा प्रधान, रोजगार सहायक संतोष कुमार पटेल और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता निषाद द्वारा घर-घर जाकर महिलाओं का ईकेवायसी किया जा रहा है। टीम लगातार सक्रिय रहकर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।
राज्य सरकार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ईकेवायसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है, जिन महिलाओं का ईकेवायसी नहीं होगा, उन्हें मिलने वाली ₹1000 प्रतिमाह की राशि अगली किस्तों में रुक सकती है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय टीमों द्वारा लोगों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि ईकेवायसी पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए आधार कार्ड तथा मोबाइल नंबर की आवश्यकता होती है। कई जगहों पर ऑनलाइन सिस्टम, बायोमेट्रिक सत्यापन और आधार लिंकिंग के माध्यम से तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
ग्राम विजयपुर में चल रहे इस अभियान को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय टीम की पहल से अब अधिक से अधिक महिलाएं आगे आकर ईकेवायसी करा रही हैं। प्रशासन ने भी अपील की है कि अंतिम तिथि से पहले सभी हितग्राही अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
