शिक्षा में नवाचार की पहल, विद्यार्थियों का कराया गया एयरपोर्ट भ्रमण
उत्तर बस्तर कांकेर 13 अप्रैल 2026/ कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में शासकीय पीएम विद्यालय नरहरपुर एवं नरहरदेव के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, यह पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत विद्यार्थियों ने जगदलपुर एयरपोर्ट का भ्रमण कर विमानन क्षेत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने भविष्य के प्रति सजग और सक्षम बन सकें। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जब बच्चे विभिन्न क्षेत्रों को प्रत्यक्ष रूप से देखते और समझते हैं, तो उनमें सीखने की जिज्ञासा और आत्मविश्वास दोनों बढ़ते हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मडावी ने कहा कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए एसे भ्रमण अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चों को आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं, संसाधनों और कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनुभव बच्चों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करते हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, चेक-इन प्रक्रिया, रनवे संचालन तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल की भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बच्चों को सरल और रोचक तरीके से विमानन क्षेत्र की बारीकियों को समझाया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भ्रमण में भाग लिया और विभिन्न तकनीकी पहलुओं को नजदीक से समझा। इस दौरान उन्होंने अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया, जिससे उनके ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया।
