बसना में अष्टप्रहरी हरिनाम यज्ञ संकीर्तन का शुभारंभ, 24 घंटे गूंजेगा “हरे राम-हरे कृष्ण” का जयघोष
महासमुंद। बसना नगर के वार्ड क्रमांक 13 टिकरापारा में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच अष्टप्रहरी श्री हरिनाम यज्ञ संकीर्तन का भव्य शुभारंभ हुआ। श्री राधा कृष्ण मानस समिति द्वारा आयोजित इस वार्षिक धार्मिक आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जो मां समलेश्वरी मंदिर से नगर भ्रमण करते हुए कीर्तन स्थल तक पहुंची। इस दौरान “हरे राम, हरे कृष्ण” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस 24 घंटे चलने वाले हरिनाम संकीर्तन में क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लगातार उपस्थिति बनी हुई है, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद राकेश डड़सेना एवं जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुए। सभापति श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि अष्टप्रहरी संकीर्तन सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और “हरे कृष्ण, हरे राम” महामंत्र का जाप मन को शांति प्रदान कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने इसे कलियुग में ईश्वर प्राप्ति का सरलतम माध्यम बताया।
इस आयोजन में विभिन्न स्थानों से कुल 6 कीर्तन मंडलियां अपनी भक्ति प्रस्तुतियां दे रही हैं, जिनमें मां पीताम्बरी कीर्तन मंडली (बिटांगपाली), श्री श्री गौरीशंकर महिला संकीर्तन पार्टी (तामी मुंडा, ओडिशा), मां समलेश्वरी महिला संकीर्तन मंडली (बड़कर्ते, ओडिशा), श्री श्री नीलमाधव कीर्तन मंडली (गेर्रा, बलौदा), प्रेम संकीर्तन मंडली (जुंजू गांव, भालूपतेरा, ओडिशा) तथा श्री राधा कृष्ण कीर्तन मंडली (टिकरापारा, बसना) शामिल हैं।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष उपेंद्र देवता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश भी दे रहा है।
