अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक समेत 23 नग लकड़ी जब्त
सघन जांच अभियान के दौरान बीजा सहित 1.858 घनमीटर लकड़ी बरामद, चालक गिरफ्तार, वन अपराध दर्ज
महासमुंद। वनमंडल में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है। बागबहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत खल्लारी सर्किल के दक्षिण खल्लारी परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्राम चुरकी क्षेत्र में वन अमले ने एक स्वराज माजदा ट्रक (क्रमांक सीजी 08 एल 0851) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में अवैध रूप से परिवहन की जा रही बीजा लकड़ी 19 नग (1.523 घनमीटर) तथा अन्य प्रजाति की 4 नग (0.353 घनमीटर) लकड़ी पाई गई। कुल 23 नग (1.858 घनमीटर) लकड़ी को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक राकेश सतनामी, निवासी फरफोद, आरंग, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध क्रमांक 14402/24 के तहत 10 अप्रैल 2026 को प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस कार्रवाई में वन प्रबंधन समिति चुरकी के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ परिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव, डिप्टी रेंजर मोतीलाल साहू, वन रक्षक कमल यादव, अमित दीवान एवं विवेकानंद क्षेत्रपाल का विशेष योगदान रहा है।
