खट्टी जंगल ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: दोस्त ही निकले कातिल, 3 आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश और गाली-गलौज बनी हत्या की वजह, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
महासमुंद। ग्राम खट्टी जंगल में मिले युवक के अज्ञात शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला ब्लाइंड मर्डर के रूप में सामने आया था, जिसे महासमुंद पुलिस ने सुलझाने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को खट्टी जंगल में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला था। जांच के दौरान मृतक की पहचान खैरा निवासी 23 वर्षीय प्रकाश पटेल के रूप में हुई। शव पर चेहरे, गर्दन और सीने में गंभीर चोट के निशान थे तथा गले में पीला गमछा बंधा हुआ पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतक के दोस्तों से पूछताछ में अहम सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू, गोपाल प्रधान और जालंधर सोनवानी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
शराब के नशे में गाली-गलौज से उपजा था विवाद
पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। लगभग एक माह पूर्व शराब के नशे में मृतक द्वारा आरोपियों को गाली देने से विवाद पैदा हुआ था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने साजिश रची।
5 अप्रैल की रात आरोपी चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू (21 वर्ष), गोपाल प्रधान (20 वर्ष) और
जालंधर सोनवानी (21 वर्ष) ने प्रकाश पटेल को गायत्री मंदिर के पास से बहला-फुसलाकर अपने साथ बाइक में बैठाया और खट्टी जंगल ले गए। वहां कांच की बोतल और पत्थरों से उस पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे और गरियाबंद क्षेत्र में छिपे हुए थे। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 04 क्यू क्यू 6845) भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
