5 करोड़ से अधिक कीमत के गांजे का नष्टीकरण
जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में 9 क्विंटल से ज्यादा मादक पदार्थ नष्ट
महासमुंद। बेलसोंड़ा बालाजी पावर प्लांट में शनिवार को पुलिस ने अवैध रूप से तस्करी में पकड़े गए गांजा का विधिवत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
नष्टीकरण की इस प्रक्रिया में कुल 09 क्विंटल 96 किलो 660 ग्राम (996.660 किलोग्राम) गांजा नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 5 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
यह गांजा महासमुंद जिले के थाना कोमाखान में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग मामलों में जब्त किया गया था, जिनमें वर्ष 2025 का एक और वर्ष 2026 के दो प्रकरण शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई बालाजी पावर प्लांट में संपन्न हुई, जहां जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय और जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में पहले भौतिक सत्यापन किया गया, तत्पश्चात नियमानुसार गांजे का नष्टीकरण किया गया।
